Friday, September 25, 2026

कुछ अनकहा सा


बात कहीं से भी शुरू करो, कितनी बड़ी भूमिका बांधो किंतु बातों के मर्म को समझना जरूरी है।" उसने कहा।  

"ठीक बात" वह उत्तर हमेशा नपे-तुले शब्दों में देता है। 

"और" 

"और क्या?"  

"कुछ नहीं। जाने दो। कुछ तो इंसान अपने लिए भी रखे, अनकहा, अनसॉल्वड सा।"
 
"मतलब?"

"वही अनकहा जो कहीं उलझा हुआ होता है भीतर। कसकता हुआ संवेदनाओं को जन्म देता है। नई कहानियों का जन्म ऐसे ही होता है।"

"हो गया? और कुछ?" दोनों की हंसी से पार्क का वह कोना महक उठा। 




Tuesday, June 23, 2026

जिजीविषा ( बॉस्को जिंदादिली का एक नाम )

 

8 जून 2012 को एक छोटी सी टोकरी में बैठ कर वह मासूम आँखों वाला प्यारा, नन्हा मेहमान हमारे घर आया। तब वह एक सप्ताह का था। वैसे उसका जन्म 29 अप्रैल को हुआ। हमारी एकमात्र बिटिया को जब साथी की जरूरत महसूस हुई तब हमने उसे कुछ ऐसे बहलाया। वह नादान भी अति आनंदित होकर बहल गई। वह छोटा भाई था इसलिए बड़ी बहन की डांट, फटकार, स्नेह, प्रेम, धमाल सब उसके हिस्से में आया। घर गुलज़ार हो गया। उसका नामकरण हुआ तो नाम पड़ा बॉस्को। 

वक्त के साथ जितना बॉस्को शैतानी करता उतना ही सबका दुलारा बनता गया। सुबह और शाम को घूमते हुए घर ही नहीं सोसाइटी भर के बड़े, बच्चे सभी उसे सहलाये बगैर आगे नहीं बढ़ते हैं। शांत, प्यारा, आज्ञाकारी, सुन्दर बोस्को। 

बॉस्को का डॉक्टर के पास जाना अमूमन नहीं होता है। वर्ष में केवल एक बार जाता है वो भी रेबीज और डिस्टेंपर का इंजेक्शन लगवाने। या फिर खून की जांच आदि करवाने। घर का खाना वह आनंद पूर्वक खाता है। न तो उसे डॉग फूड की आदत डाली गई न उसने कभी पसंद किया। पहले चिकन और चावल खाता था। बाद में १० वर्ष का होने पर डॉक्टर ने मना कर दिया कहा - प्रोटीन कम देना होगा। चिकन थोड़ा कम खिलाइए। यानि उसे शाकाहारी बनना होगा। परीक्षा थी जिसने कभी सब्जियां खाई ही नहीं अब खाएगा क्या? कहीं घूमने जाने पर उसे दो -दो दिन भूखा रहना मंजूर था किन्तु चिकन चावल के न मिलने पर कुछ और कतई नहीं खाता था। रोचक बात यह थी कि इससे न उसकी ऊर्जा में फर्क पड़ता था और न ही वह किसी तरह की नाराजगी जाहिर करता था। उछल -कूद बराबर बनी रहती।  
शाकाहारी बनाने की तैयारी में अगली सुबह जब उसे सीताफल, गाजर आदि के साथ चावल दिए गए उसने झटपट, बिना किसी परेशानी के ऐसे भोजन किया जैसे रोज यही खाता होगा। क्या उसे अंतर्बोध हो गया था? क्या जानवर इतने समझदार होते है? कि वे जानते हैं उनके लिए क्या अच्छा है क्या बुरा? हैरानी और संतोष से दिल भीग गया। उस दिन से बॉस्को अचानक शाकाहारी हो गया किन्तु हमेशा उछलता -कूदता स्वस्थ रहा। 

बॉस्को लाह्सा एप्सो है। 14 वर्ष से अब तक बेहद स्वस्थ, सुन्दर, समझदार एवं सबको मोहित करने वाला शांतिप्रिय जीव रहा है। पिछले महीने सहसा एक दिन उसे ज्वर आया। हम उसे घर के पास बने 'वैदिक क्लीनिक' पर ले गए। ड्रिप लगी और रक्त की जांच के लिए उसका रक्त लिया गया। अगले दिन जब परिणाम आया तो उसे टिक फीवर था लेकिन बाकि रक्त की रिपोर्ट एकदम बढ़िया। उसकी किडनी, लीवर आदि सब कुछ बच्चों जैसा स्वस्थ। डॉक्टर उससे बेहद खुश रहते हैं।

चार दिन बाद मुझे फिर क्लीनिक जाना पड़ा क्यूंकि बॉस्को मुंह से बहुत ज्यादा लार टपका रहा था। डॉक्टर ने उसका मुंह खोल कर देखा तो नीचे वाले जबड़े पर करीब डेढ़ इंच का ट्यूमर। सब हैरान...कब बन गया इतना बड़ा? यह कभी दर्द से चिल्लाया क्यों नहीं? खाना कैसे खा रहा था? कई अनुत्तरित प्रश्न जेहन में उठने लगे। अब? डॉक्टर के अनुसार - मुंह के ट्यूमर अक्सर कैंसर होते हैं। बहरहाल ट्यूमर का सिरिंज सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया गया। आठ दिन के बाद परिणाम सुखद था। ट्यूमर नॉन कैंसर वाला निकला। (बाद में बायोप्सी में माइल्ड, फर्स्ट ग्रेड का कैंसर था)

दिल्ली के अन्य वेटनेरी डॉक्टर के पास जाने के अच्छे अनुभव (मित्रों आदि के मिलेजुले निजी अनुभव) मेरे पास नहीं हैं। ऊंची दुकान...की तर्ज पर छोटी सी परेशानी के लिए भी रक्त जांच, एक्सरे आदि अन्य जांच के नाम पर बड़े बिल बना देना साधारण बात होती है। पिछले कुछ वर्षों से हम लोग रेबीज का टीका लगवाने या अन्य (deworming) जरुरत होने पर 'वैदिक क्लीनिक के कुशल, एवं सौम्य सर्जन रवींद्र वर्मा' के पास जाते हैं। उनका जीव प्रेम कमाल का है फिर चाहे वह पंछी, खरगोश हो या फिर कुत्ते। बिना किसी दिखावे के सहज -सरल डॉक्टर रविंद्र अपने कार्य में निपुणता से लगे हुए हैं। हमें उनके ज्ञान, योग्यता और इलाज पर पूरा भरोसा है।   
बॉस्को को लेकर डॉक्टर थोड़ा असमंजस में थे कि इस उम्र में उसे एनेस्थीसिया देना कितना सही रहेगा? लेकिन मेरा मानना था वैसे भी ट्यूमर की वजह से वह दर्द में रहेगा। बाद में खाने में दिक्कत होने की वजह से कितने दिन चलेगा? इसलिए जो भी हो सर्जरी हो जानी चाहिए। हमने कंसेंट पर हस्ताक्षर कर दिए। 

किडनी और लीवर की अच्छी हालत देखते हुए उसे एनेस्थीसिया दिया गया। मैंने मन ही मन सोचा 'यदि अब यह कभी नहीं उठा तो?' आंखें नम हो गई किन्तु दिल ने कहा ये हमें इतनी जल्दी छोड़ कर नहीं जा सकता। और सर्जरी हो गई। करीब 45 मिनट के बाद डॉक्टर बाहर आए। "सब ठीक हो गया। अब इसे 2 घंटे में होश आ जाएगा फिर आप इसे घर ले जा सकते हैं।" सुकून की सांस लेना किसे कहते हैं हमें उस दिन मालूम हुआ। 

अपने कुछ महत्वपूर्ण कार्य करने के बाद जब हम वापस आए तब तक बॉस्को होश में आकर हमारी राह देख रहा था। कुछ दस -बारह दिन थोड़ा ढीला रहा किन्तु खाते -पीते, टहलते सब बढ़िया हो गया। कमाल की बात यह थी कि आज तक हमने इसे न पहले और न बाद में कभी भी कराहते या दर्द से परेशान होते नहीं देखा और न ही खाना छोड़ते हुए। कहते हैं -कुत्ते अपना दर्द छुपाने में अति माहिर होते हैं। एक हम इंसान थोड़ा सा पीड़ा हुई नहीं कि कराहते हुए आंसुओं को रास्ता दे देते हैं। 
आज खाते - पीते, उछलते, कूदते बॉस्को एक स्वस्थ जीवन जी रहा है। मनुष्य का इलाज करना फिर आसान है वे बोल कर अपना दर्द बयां कर सकते हैं, अपनी तकलीफें बता सकते हैं। किन्तु बेजुबान जानवर? जानवरों के दर्द को उनके भावों को, उनके रोगों को समझ कर उनका निदान करना अत्यंत दुष्कर कार्य है। और इस दुष्कर कार्य को बखूबी अंजाम दे रहे हैं नेक एवं अपने क्षेत्र में पारंगत डॉक्टर (सर्जन) रविंद्र वर्मा।  

दिल से धन्यवाद डॉक्टर रविंद्र, बॉस्को को नवजीवन देने के लिए। 


Dr.Ravindra Kumar Verma 
Veterinary Consultant & Surgeon 
Vedic Pets Clinic and Surgery Centre
8, Gurudwara road, near Mother Dairy, Sector-1, Vaishali, 
Ghaziabad, Uttar Pradesh 201010, India
Mobile - 9289544101


Wednesday, December 10, 2025

इन हसीं वादियों में ( स्विटज़र लैंड की यात्रा का हमारा अगला पड़ाव - युन्ग्फ्राऊ, 3571 मीटर ( 11782 फीट )

 युन्ग्फ्राऊ (टॉप ऑफ़ यूरोप , स्विट्ज़रलैंड )


लुसर्न - शहर मध्य स्विट्ज़रलैंड का सबसे खूबसूरत शहर है। इस के पूर्व की ओर ऑस्ट्रिया, पश्चिम की ओर फ्रांस, उत्तर की ओर जर्मनी, और दक्षिण की ओर इटली है। यहाँ पर ज्यादा जर्मन भाषा का प्रयोग होता है और कुछ इतालवी भी बोली जाती है। कुछ दूरी तक हम सभी दिशाओं में चलेंगे ऐसा विचार था। अगले दिन लुसर्न से इंटरलाकन की तरफ बढ़े।

इन्टर्लाकन - आरे नदी के साथ-साथ चलता ये खूबसूरत शहर अपने अनुपम सौन्दर्य के लिए जाना जाता है। यहाँ गर्मियों व सर्दियों में विभिन्न रोमांचक खेलों का आयोजन होता है। बॉलीवुड की शूटिंग के लिए यह बेहद प्रिय जगह है। 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' , 'द हीरो' आदि कई फिल्मों में आप यहाँ की हरीतिमा और बर्फ से भरपूर धवल आल्प्स की पहाड़ियों के दृश्य देख चुके होंगे। हर भारतीय को गुरुर से सिर उठाने का अवसर देती कांस्य की बनी यश चोपड़ा जी की आदमकद मूर्ति शान से एक पार्क में खड़ी है। 


यहीं से शुरू होता है युन्ग्फ्राऊ और टिटलिस की पहाड़ियों के लिए रास्ता। जिसे कॉग व्हील ट्रेन ( खाँचों में फंस कर चलते पहिए ) और गंडोला, रोटेयर द्वारा तय करना होता है। 


ऊपर एक होटल, दो रेस्तरां, एक ऑब्सर्वेटरी , एक स्की स्कूल, एक सिनेमा हाल, एक रिसर्च सेण्टर व एक आइस पैलेस है। ट्रेन से बाहर निकल कर हमने रेस्तराँ में प्रवेश किया और एक मग गर्म चॉकलेट का पीकर बाहर बर्फ में निकल आए। अथाह बर्फ के बावजूद भी ठंड का नामोनिशान नहीं। पता नही ख़ुशी थी या जोश...आंग्ल लोग जहाँ कोट, टोपी, स्वेटर और मफलर से लेस होकर फोटो खींच रहे थे, वीडियो बना रहे थे और अपनी ठंड से लाल होती नाक को टिशू से सहला रहे थे वहीं हमारी मई- जून की गर्मी से झुलसे हुए भारतीय लोगों का दल (कुछ बुजुर्गों को छोड़कर) गर्म कपड़े हटा कर, बर्फ में खूब लोटपोट हो कर हँसते, खिलखिलाते खेल रहे थे। एक विदेशी ग्रुप लीडर ने बड़े ही आदर भाव से मेरे निकट आकर अपनी प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा। "भारतीय बहुत रंगीन मिजाज़ और खुशदिल होते हैं और ज़िंदगी को भरपूर जीते हैं.. " एक सहज, गर्वित मुस्कान मेरे चेहरे पर छा गई। 

हिम महल (आइस पैलेस) - यहीं पर बना है हतप्रभ करता आइस पैलेस, बर्फ का महल। मुख्य द्वार से ही बर्फ शुरू हो जाती है। फिसलने के डर से सभी, साइड में लगी रेलिंग को पकड़ कर चल रहे थे। कुछ देर बाद मालूम हुआ कोई जरुरत ही नहीं रेलिंग पकड़ने की। नीचे बिछी बर्फ के ऊपर वैक्स की पारदर्शी तह लगी थी। रपटने का कोई मतलब नहीं। चारों तरफ बर्फ की भव्य दुनिया। बर्फ से बनी आकृतियाँ जैसे मोर, पक्षी, टेडी बेयर, भालू, बच्चे आदि की सजीव सी लगती आकृतियाँ और गुफाएँ मन मोह रही थीं। अन्दर तापमान सेट होता है जिससे वहाँ पर बनी आकृतियाँ व आकार बने रहें। सफ़र की समाप्ति कर अति आनंदित हो फिर हम नीचे उतरने लगे। 

इतना सब कुछ देखकर लगा धन्य है मानव और उसकी कलात्मक सोच। एक बात तो ज़हन में जरुर आ रही थी कि वहाँ पर सिर्फ 3571  मीटर की ऊँचाई पर ये सब बना दिया गया है। हमारे भारत के 18,380 फीट की ऊंचाई पर स्थित लद्धाक में खर्दुंग ला विश्व में सबसे ऊंचाई पर बना मोटर मार्ग में प्रकृति ने हमको इससे भी सुन्दर नज़ारा दिया है। लेकिन वहाँ पर सिर्फ मुस्तैदी के साथ डटे हुए देश के वीर जांबाज सैनिकों के अलावा और कुछ क्यों नहीं है? कहाँ क्या कमी रह गई है...? यह कमी हम में है ? या हमारी व्यवस्था में..?

Monday, November 24, 2025

फिर छिड़ी रात बात फूलों की


उस दिन सूरज की किरणों के जगाने से पहले ही नींद उचट गई। पिछली रात की बारिश से वातावरण में ठंडक समाई हुई थी। चलते चले जाने का मन हुआ दूर तक इन सर्पिलाकार सड़कों पर जो बारिश की नमी से भीगी हुई थीं। रविवार की छुट्टी वाला बेफिक्री भरा दिन। मन प्रसन्न था और सोच स्वतंत्र। ज़िंदगी कभी इतनी रहम दिल भी हो जायेगी सोचा नहीं था। बीती -बिसरि स्मृतियों को जोड़ते - तोड़ते निरुद्देश्य चलते रहने का भी अपना आनंद है।    

जीवन के इस पड़ाव में घटनाओं और अनुभवों से सराबोर ये ज़िंदगी अब और भी अच्छी लगने लगी है। भोर में चह -चह करती गौरैया बहुत दिख रही थी। मेरी बचपन की यादों का पंछी, टुकुर टुकुर ऐसे देख रही थी जैसे पहचान रही हो। फूलों और जंगली घास की मिली जुली खुशबू से महकती मैं अपनी कल्पनाओं में सुन्दर रंग भरती रही। जानती हूँ ज़िंदगी कल्पनाओं के सहारे नहीं चलती। यथार्थ से रूबरू होना पड़ता है। 

पगडंडियों पर नजर रख कर न चलते हुए, सिर उठा कर चीड़ के ऊंचे, लम्बे पेड़ों के पीछे से झांकते हुए साफ नीले आकाश को देखती हुई चल रही थी। चुपचाप नीचे देखते हुए चलने से लगता है बाहरी दुनिया से बेखबर हम पूरी तरह अपने साथ है। अपना साथ सबसे सुन्दर साथ होता है। ना हम पर ना हमारे विचारों पर...कहीं किसी का कोई हस्तक्षेप नहीं।  

कुछ दूर निकल आई थी। अचानक एक बड़े से नुकीले पत्थर से टकरा गई। गिरती हुई सहारे को तलाशते हाथों में सड़क किनारे लगे पेड़ की झूलती शाखाएं आ गई। गिरने से बच गई। लगा आज सभी की मिली जुली साजिश है मुझे खुश रखने की। झींगुरों की झंकृत लयबद्ध आवाजों के साथ... टूटी हुई सोच की कड़ी फिर जुड़ गई। मैं और मेरे विचार हाथ थामे साथ चल रहे थे। जीवन की गणित मजेदार होती है। कुछ सवाल पल भर में हल हो जाते हैं और कुछ हमारे साथ ही अपनी ज़िंदगी का सफ़र तय करते हैं, निरंतर, बिना थके...

सहसा सिर के ऊपर से एक चील ज़ोर की आवाज़ करती हुई निकली और मैं सहम कर वर्तमान में वापस आ गई। देखती हूँ बिन बुलाए मेहमान की तरह कई सवालों के हल खोजते हुए बहुत दूर निकल आयी हूँ। वक्त के साथ सूरज का ताप भी बढ़ता जा रहा था। वापस घर की तरफ पलटी। फिर वही रास्ते, जीवन के अलग-अलग मोड़ों पर मिलते दुख-सुख का हिसाब- किताब करते हुए वापसी का सफर घर के मुख्य द्वार पर पहुँच कर पूरा हुआ। अतीत के अनुभव टटोलती हूँ तो लगता है भीड़ की कतई जरुरत नहीं। मुठ्ठी भर प्यारे दोस्तों के साथ एक शानदार जिंदगी जी सकते हैं। 

Friday, October 31, 2025

साहित्य अकादमी मुंबई का ग्यारहवां राष्ट्रीय कार्यक्रम 25 अक्टूबर 2025 को दिल्ली में संपन्न हुआ।

'साहित्य भूषण' सम्मान से सम्मानित करने के लिए हार्दिक धन्यवाद, आभार अकादमी अध्यक्ष -डॉ प्रमोद पांडे जी .



 

Monday, September 15, 2025

चार्ली चैपलिन की अद्भुत दुनिया - वेवे स्विट्ज़रलैंड में (जीना इसी का नाम है )

“I always like walking in the rain, so no one can see me crying.”
― Charlie Chaplin

संसार में हास्य बिखरने वाला भीतर कितना अकेला था। ब्रिटिश चार्ली चैपलिन ने अपने जीवन के अंतिम कई वर्ष स्विट्ज़रलेंड में वेवे शहर के इसी घर में व्यतीत किए। 1977 में अपनी पत्नी ओना एवं आठ बच्चों के साथ आलीशान जीवन जीकर वे इस संसार से विदा हुए। 

विश्व उनको एक शानदार अभिनेता, कॉमेडियन, डाइरेक्टर, फिल्ममेकर आदि कई रूपों में याद करता रहेगा। अति संघर्ष और गरीबी में व्यतीत हुए बचपन में मूक चलचित्र से लेकर आधुनिक फिल्मों तक का करीब 75 वर्ष के  कार्यकाल में उन्होंने कई मुकाम हासिल किए और अवार्ड्स लिए हैं। 
टिकट लेकर पहले कुछ शो देखने को मिलते हैं। जिनमे उनकी फिल्मों के दृश्य दिखाए जाते हैं। वैक्स की ऐसी सजीव मूर्तियां बनी हैं जैसे अभी बोल पड़ेंगी। (छोटा बच्चा - जैकी कूगन ) यह दृश्य उनकी मशहूर फिल्म  'The Kid'  का है। ऐसे ही बहुत से सजीव पुतलों से सुसज्जित उनकी कई फिल्मो के सेट बने हुए हैं। 

चैपलिन ने छोटे कोट, बड़ी बलून पतलून, अपने साइज से बड़े जूते, सिर पर हैट, छड़ी, पोस्ट स्टैम्प साइज मूंछे और रोचक चाल के साथ दुनिया को हंसी से सराबोर करते हुए एक कमाल की दुनिया रच कर अपना नाम इतिहास में (The little tramp ) दर्ज करा लिया। 

'द ट्रैम्प' जैसे किरदारों से उन्होंने हंसी के पीछे छिपे दर्द को सामने रखा। उनकी ज़िंदगी संघर्षों और पीड़ा से भरी रही लेकिन उन्होंने हमेशा दुनिया को हंसना मुस्कुराना सिखाया। 

“My pain may be the reason for somebody's laugh. But my laugh must never be the reason for somebody's pain.” (Charlie Chaplin)
यहां से निकल कर रास्ता उनके घर की तरफ बढ़ जाता है। प्रवेश द्वार से भीतर जाते ही उनका आदमकद, सजीव प्रतीत होता पुतला बना है। बनाने वाली की कारीगरी देखते ही बनती है। चेहरे पर उम्र और अनुभव की रेखाओं की कलाकारी अद्भुत है।

 “You'll find that life is still worthwhile, if you just smile.” ( Charlie Chaplin)

शयन कक्ष जहाँ उनकी उम्र के विभिन्न पड़ाव के चित्र लगे हैं। इसी बिस्तर पर उन्होंने 88 की उम्र में अंतिम साँस ली।   
इसी अतिथि कक्ष में आइंस्टीन आदि अन्य मित्रों से वार्तालाप होता रहा। 2016 के बाद इस घर को म्यूजियम में बदल दिया गया। आज भी उनके हैट, छड़ी, जूते आदि सामान यहाँ देखने को मिल जाता है। 

भोजन कक्ष में उनका नियम था कि कमसकम रात का भोजन सब साथ करें। तब सभी को अंग्रेजी में ही बात करनी होती थी क्योंकि उन्हें फ्रेंच नहीं आती थी। 'वेवे' स्विट्ज़रलैंड के दक्षिण पश्चिम भाग में स्थित फ्रेंच भाषियों का शहर है। 
"You need Power, only when you want to do something harmful otherwise Love is enough to get everything done" (Charlie Chaplin)

यहीं बैठ कर परिवार के साथ फिल्मों की चर्चाएं और फिल्म बनने का सिलसिला चलता था। अपनी पत्नी ओना संग बैठे जैसे अभी कुछ सुझाव दे देंगे। करीब डेढ़ घंटे तक इस बेमिसाल दुनिया में विचरते हुए भूल जाते हैं कि हम कहां हैं। चेहरे पर मधुर हास्य लिए इन महान व्यक्ति को यादों में समेटे हम सोविनीर शॉप की तरफ बढ़ गए। याद का एक टुकड़ा संजोने के लिए। 

“Life is a play that does not allow testing. So, sing, cry, dance, laugh and live intensely, before the curtain closes and the piece ends with no applause.”
― Charlie Chaplin (Charlie Chaplin Interviews)



Saturday, September 6, 2025

Tuesday, August 5, 2025

विपाशा में प्रकाशित कहानी - उम्र की थकान

हिमाचल की साहित्य, संस्कृति एवं कला की द्वैमासिक पत्रिका 'विपाशा' में प्रकाशित कहानी - उम्र की थकान

 ( संपादक - वरिष्ठ साहित्यकार सुदर्शन वशिष्ठ जी )


Saturday, December 11, 2021

मेरी अनुवादित व प्रकाशित कहानियां

मराठी अनुवादिका  -   सुश्री मिनाक्षी सरदेसाई 

मूल लेखिका -   रिया शर्मा 




Thursday, October 14, 2021

नवोदित प्रवाह में प्रकाशित लघुकथा - कंजकों के देश में

  नवोदित प्रवाह में प्रकाशित लघुकथा   

' कंजकों के देश में '  




Tuesday, September 28, 2021

पीढ़ी अंतराल की कश्मकश, अमर उजाला में प्रकाशित लघुकथा ।



 पीढ़ी अंतराल की कश्मकश । आज के अमर उजाला में प्रकाशित लघुकथा । हार्दिक शुक्रिया, आभार, संपादक अमर उजाला।

Monday, August 23, 2021

पाखी मासिक पत्रिका के अगस्त 2021 , अंक में प्रकाशित उपन्यास समीक्षा

पहाड़ों से होते पलायन के दर्द को उजागर करते मेरे उपन्यास -'पहाड़ की सिमटती शाम' की समीक्षा मुख्य धारा की - 'पाखी'  पत्रिका में प्रकाशित।  


 पत्रिका सम्पादक -     अपूर्व जोशी 

समीक्षक -              प्रोफ़ेसर साधना अग्रवाल 

Monday, August 2, 2021

गुप्त भारत की खोज ( A SEARCH IN SECRET INDIA )

"इस पुस्तक का नाम मैंने 'गुप्त भारत की खोज' (A search in secret India) इसलिए रखा है कि यह उस भारत की कथा है जो हज़ारों वर्ष से परखने वालों की आंखों से ओझल रहा है, जो संसार से इतना अलग और एकांत रहा है कि आज उसके बचे -खुचे चिन्ह ही रह गए हैं और उनके शीघ्र मिट जाने की संभावना है।" पॉल ब्रंटन 
रफायल हर्स्ट (1898 - 1981) ब्रिटिश सैनिक, पत्रकार व लेखक रहे हैं। यह पुस्तक उन्होंने 'पॉल ब्रंटन' के छद्म नाम से लिखी है। 1930 से भारत की तीव्र ग्रीष्म, लू, बरसात और कई कष्टों से आत्मसात होते हुए साधु, संत, जादूगर, चमत्कारों, ज्योतिष शास्त्र, योग, अध्यात्म आदि की खोज में पश्चिम से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम नाप दिए थे। अंत में उनकी खोज, जिज्ञासा और ज्ञान की प्यास, दक्षिण के -"Silence is truth, silence is bliss, silence is peace. And hence silence is the self " कहने वाले रमण महर्षि के पास पहुंच कर तृप्त हुई। 

यात्रा के दौरान वे अंध -विश्वास से पगी हुई मूर्ख प्रथाओं से भी गुजरे। इस तरह के कई खट्टे -मीठे, रोमांचकारी, अद्भुत, अविश्वसनीय, आलौकिक, चमत्कारी आदि विलक्षण अनुभवों को उन्होंने 1934 में पुस्तक रूप में संजो दिया। तब से इस अति विख्यात, बैस्टसैलर पुस्तक का कई भाषाओं में अनुवाद होता रहा है। आज के पाठकों को उस वक्त के भारत का अद्भुत वर्णन पढ़ कर आश्चर्य मिश्रित रोमांच होना स्वभाविक है। 

वे कई तरह की योग विद्याओं में, योग में, अध्यात्म में, स्वयं की खोज, सत्य की खोज आदि में रत योगियों, संतों, साधुओं, फकीरों से रूबरू होते रहे। वे ज्योतिषों, जादूगरों आदि के संपर्क में भी आते रहे। इस खोज यात्रा में उन्हें कहीं मायूसी मिली तो कहीं हर्ष और चमत्कार के दर्शन हुए। हर तरफ से वे अनुभवों को समेटते रहे। जहां तक जितना हो सके वे अपनी शंकाओं का निराकरण करते रहे। यह ज्ञान की तृप्त न होने वाली वह प्यासी गंगा थी जो भारत देश में उन्हें इधर -उधर भटकाते हुए अपने साथ बहा लिए जा रही थी। 

मद्रास में ब्रह्म स्वामी से हुआ संवाद - "तुम पश्चिमी लोग सदैव सक्रिय रहने पर बहुत जोर देते हो। पर क्या आराम तिरस्कार करने योग्य वस्तु है? शान्त और प्रसन्न नाड़ियों का कोई महत्त्व नहीं? शांति और आराम योगाभ्यास के श्रीगणेश हैं। सारी दुनिया को इसकी आवश्यकता है।" लेखक योग और अध्यात्म के इसी सागर में डुबकी लगाने के लिए भारत की तरफ आकर्षित हुए थे। 

बनारस, काशी, विश्वनाथ पुरी कभी बेहद संपन्न था। कभी मृत्युपरांत साक्षात् शिव धाम पहुंचने की तीव्र इच्छा रखने वाले अपने जीवन के अंतिम दिनों को व्यतीत करके मोक्ष प्राप्त करने यहाँ चले आते थे। उसी बनारस का तिक्त एवं करुण हश्र देख कर लेखक कहने को बाध्य हो गए - "बनारस नाराज न होना, यदि मैं कहूं कि चाहे तुम हिन्दू -संस्कृति का केंद्र भले ही रहो परन्तु अनात्मवादी गोरों से कुछ तो कृपा करके सीख लो और स्वास्थ्य विज्ञान की आग में अपनी पवित्रता को थोड़ा सा तपा लो।" दुर्भाग्य से हमारे भारत देश के कई स्थानों का आज भी यही हाल है। हमारे लगातार प्रयासों से कभी तो स्वच्छ भारत का ये सपना साकार होगा। 
अति रोचक और ज्ञान चक्षु खोलते हुए उदाहरणों से भरपूर यह पुस्तक अपने आप को रवानगी एवं तन्मयता से पढ़ने को मजबूर करती है। किसी पुस्तक के अति लोकप्रिय होने का यह भी एक कारण होता है। 

आंग्ल होने के बावजूद पॉल ब्रंटन इस पुस्तक में अपने जिए हुए के साथ जिस शिद्दत से पाठकों को लिए चले हैं, जिस लुभावनी और हैरानी भरी उत्सुक दृष्टि से भारत देश के दर्शन करवाए हैं उस के लिए, शब्दों के अभाव में - 

तुमने अद्वितीय, अविश्वसनीय, अलौकिक भारत के दर्शन करवाए, तुम कमाल हो प्रिय लेखक। 

Monday, June 21, 2021

सुंदर है विहग सुमन सुंदर, मानव तुम सबसे सुंदरतम


मुद्दतों बाद फुर्सत व एकांत का मिलना अद्भुत होता है। हर पल शारीरिक मशक्कत, दिमागी कसरत करते हुए मानव गोया मशीन बन ​गया है। ​

इस ​पीड़ादायक ​कोरोना काल में अपने इर्द गिर्द नज़र डालें तो इंसानी व्यवहार में अज़ब परिवर्तन दिख रहा है। ​माना कि ​​संसार में सबका अलग स्वर होता है। शरीर का अलग, मन मस्तिष्क कुछ और कहता है और दिलो दिमाग एक अलग ही दुनिया में विचरता है।​ ​आजकल फुर्सत है सो खामोशी से बैठ कर अपने चारों तरफ देखते रहें, परिवर्तन को बारीकी से महसूस ​करते रहें और अचंभित होते​ रहें . ​

​कहीं ​दहशत, भय, उदासी, ऊब, संताप, पीड़ा, बेरुखापन, नाराजगियाँ, अकेलापन, अवसाद, समझौते ​आदि भाव दीख रहे हैं तो ​कहीं पर सौम्यता, सरलता, सादगी, सहजता जैसे सद्गुण भी नज़र आ रहे हैं। नाना मटमैले व खुशनुमा रंगो से भर गई है ये दुनिया। इंसान थम गया​ है​, उसकी सोच थम गई​​, जिंदगी रुक गई​ है​। ये सभी भाव पहले भी थे किन्तु अब इसमें अप्रत्याशित बढ़ोत्तरी हो गई है। पिछले दिनों दहशत और पीड़ा भरा जो समय​ गुजरा है, अभी भी गुजर रहा है और आगे भी कुछ और वक्त जिसके बने रहने की आशंका है उसे झुठलाया नहीं जा सकता।​ ​एक अदना सा ​नग्न आंखों से ​न दिखाई देने वाला विषाणु इतना बड़ा विश्वव्यापी बदलाव कर रहा है? इंसान हारा भी तो इससे? ​विस्मय होता है।  

इससे प्रभावित नहीं हुए तो सूरज, चाँद, प्रकृति, पंछी, जानवर आदि, ये सम पर रहे, कतई नहीं बदले। अपनी ही रवानगी में विचरण करते रहे। फूल खिलते रहे, फलों से रस झरता रहा। पंछी चहचहाते रहे, नदिया कलकलाती रही, हिरन कुलाचें भरते रहे... नदियों की धारा के मार्ग में अवरोध आने पर वह मार्ग बदल लेती है ​फिर भी निरंतर गतिमान रहती है। ​किसी भी हाल में ​प्रकृति की व्यवस्था नहीं ​थमती। ​ 

अब ​ऐसे में इंसान क्या करे? उसे कुछ तो करना होगा। अपने अवसाद से बाहर निकल कर सकारात्मक होकर कुछ न कुछ तो ​सोचना और उसे कार्यान्वित ​करना ही होगा।​ द्वारिका प्रसाद माहेश्वरी जी ने अपनी कविता के ज़रिये बचपन में ही सिखा दिया था - वीर तुम बढ़े चलो...धीर तुम बढे चलो " उस वक्त चाहे वह कविता किसी भी अर्थ में कही गई हो किन्तु आज के हालात में हम ऐसा भावार्थ ले सकते हैं। 

करो ना 
क्षण भर को थम जाओ 
खूब संभल जाओ ​परन्तु हे वीर मानव! 
अपने 
अवसाद से ​
अपनी नकारात्मकता से 
बाहर निकल कर कुछ न कुछ तो 
करो ना 

Monday, June 7, 2021

अभी ज़मीर में थोड़ी सी जान बाकी है

            
ज़मीर ज़िंदा रख, कबीर ज़िंदा रख 
सुल्तान भी बन जाये तो, दिल में फ़कीर ज़िंदा रख  (अज्ञात)
               
"उदासी, संताप, कष्टों से भरा अजीब समय आ गया है। कुर्सी पर मायूसी से बैठे 'क' ने गहरी उसाँस भरी।   
 
"समय परिवर्तनशील है। एक समान कभी नहीं रहता। इसमें अजीब क्या है?" दूसरी कुर्सी पर पसरे हुए 'ब' ने माथे पर सिलवटें डालते हुए हाथ को हवा में लहराया। 

"अरे! सो रहा है क्या तू? जाग, आंखें खोल। दुनिया भर में इस कोरोना ने तबाही मचा रखी है। हर तरफ त्राहि माम की कराह से तेरा दिल नहीं दुखता?" 'क' हतप्रभ है।   

"इसके अलावा भी बहुत कुछ किया जा सकता है। केवल रोते -बिसूरते रहने से, सरकार को, असुविधाओं को, डॉक्टरों आदि को कोसते रहने से क्या हल निकलेगा? ऐसा करने वाले स्वयं से सवाल पूछे। - इस महामारी की जंग में उनका क्या योगदान है? करने वाले बहुत कुछ कर रहे हैं। जो कुछ नहीं करते वे सिर्फ मिचमिच करते हैं, बकबकाते हैं। और तूने ही क्या कर दिया है? 

'ब' आवेश में आकर अपनी कुर्सी छोड़ कर खड़ा हो गया और कमरे में तेजी से चहलकदमी करने लगा। 

"मैं क्या कर सकता हूँ? मुझे क्या करना चाहिए? क्या मैं इस संकट की घड़ी में किसी के कुछ काम आ सकता हूँ?" जैसे कई सवाल 'क' के ज़हन में तूफ़ान आए समुद्र की तरह हहराने लगे।  

आहिस्ता चल ऐ ज़िंदगी / कुछ क़र्ज़ चुकाने बाकी हैं,
कुछ दर्द मिटाने बाकी हैं / कुछ फ़र्ज़ निभाने बाकी हैं।  (गुलज़ार )


Thursday, May 20, 2021

प्रकृति के चितेरे, हिंदी जगत के 'वर्ड्सवर्थ' ( सुमित्रानंदन पंत जन्मदिवस - 20 मई )

 

"झरो, झरो, झरो, जंगम जग प्रांगण में,
जीवन संघर्षण में, नव युग परिवर्तन में
मन के पीले पत्तो! झरो, झरो, झरो, "

कहने वाले छायावादी युग के स्तंभ सुमित्रानंदन पंत का जन्म 20 मई 1900 में अल्मोड़ा जिले (उत्तराखंड ) के कौसानी नामक एक सुरम्य गाँव में हुआ। कौसानी के सम्पूर्ण परिवेश में मातृहीन बालक पंत को सदैव माँ की ममता और उसका प्रेम प्राप्त होता रहा।

"माँ से बढ़कर रही धात्रि, तू बचपन में मेरे हित।
धात्रि-कथा-रूपक भर तूने किया जनकबन पोषण / 
मातृहीन बालक के सिर पर वरदहस्त धर गोपन।"

प्रकृति के अद्भुत सौंदर्य को निहारते व महसूस करते हुए उन्होंने बाल्यकाल से ही अपनी काव्य साधना शुरू की। बाद में तीर्थराज प्रयाग पन्त जी की साहित्य-साधना का केन्द्र बना। स्वामी विवेकानंद एवं महर्षि अरविन्द आदि से प्रभावित होने से उनकी बाद की रचनाओं में अध्यात्मवाद और मानवतावाद के दर्शन होते है।

दिशि-दिशि में प्रेम-प्रभा प्रसार / हर भेद-भाव का अंधकार 
मैं खोल सकूँ चिर मुँदे, नाथ! / मानव के उर के स्‍वर्ग-द्वार!"

अपने मनोरम बिम्बों से प्रेम रच देने का मानो उन्हें आशीर्वाद प्राप्त था। जैसे वे अपने आप को संवारने में उत्साह दर्शाते रहे वैसे ही अपनी रचनाओं के बाह्य और आंतरिक दोनों पक्षों को श्रृंगारित करते हैं। 

"सुन्दर हैं विहग, सुमन सुन्दर,
मानव! तुम सबसे सुन्दरतम "

सुमित्रानंदन पंत सौंदर्य और भाव के कवि है। उनको प्रकृति, झरने, फूलों, बादलों का कवि कहा जाता है। संवेदनशील व कोमल स्वभाव के चलते पंत जी कभी भी अपने भावों के चित्रण में कठोरता व उग्रता नहीं ला सके। अपनी कलम से मृदु भावों और अत्यंत मनोहारी चित्रण को उकेरते हुए वे प्रेम, शीतलता, मधुरता की गंगा बहाते रहे। इसी के रहते वे सुकुमार कवि कहलाये। अपनी इस सुकुमारता के साथ वे हमेशा अमर रहेंगे। 

"आः मधु-प्रभात!--जग के तम में / भरती चेतना अमर प्रकाश  
मुरझाए मानस-मुकुलों में / पाती नव मानवता विकास "

​नमन ​!

Tuesday, February 16, 2021

आओ प्रिय ऋतुराज वसंत ( सूर्यकांत त्रिपाठी निराला जन्मदिवस - 16 फरवरी )


 नव गति, नव लय, ताल-छंद नव​/नवल कंठ, नव जलद-मन्द्ररव,
नव नभ के नव विहग-वृंद को​/नव पर, नव स्वर दे​​! 
वर दे, वीणावादिनि वर दे! ('निराला')

छह ऋतुओं में वसंत सबसे खूबसूरत व रूमानी ऋतू है। शीत ऋतू को विदा करती व ग्रीष्म ऋतू का स्वागतकरती मदमस्त ऋतू। यह फरवरी - मार्च में (फाल्गुन -चैत्र) अपना सौंदर्य बिखेरती है। हिन्दू पंचांग वर्ष का अंत (मध्य फाल्गुन) व प्रारंभ (मध्य चैत्र) दोनों इसी ऋतू में संपन्न होते हैं। यौवन की स्फूर्ति, उमंग, ताज़गी व मदहोशी से भरी यह नवयौवना सी खूबसूरत ऋतू है। नव जीवन, नव निर्माण, नव चेतना, नवांकुरों से भरपूर आशा एवं उमंगों भरी ऋतू। इन्हीं विषेशताओं के चलते वसंत सभी ऋतुओं में श्रेष्ठ 'ऋतुराज' कहलाता है।  

कोयल पंचम स्वर में कुहकी तो वसंत राग बना और गीत बने। इसी ऋतू में आम में बौर आने लगते है, गेंहू में बालिया लहलहाने लगती है, सरसों के पीले फूलों से धरा मुस्काने लगती है। सूर्य देवता के संजीदा होते ही मनोहारी, रूमानी, मदमाती मस्ती से सराबोर होकर सभी झूमने -गाने लगते हैं। सारी कायनात रंगबिरंगी फूलों से झूमने लगती है तो वसंतोत्सव आ जाता है और आ जाता है रंग -बिरंगा मन को मोहने वाला होली का त्यौहार। पूर्वी भारत, पश्चिमोत्तर बांग्लादेश, नेपाल आदि में विद्या की देवी सरस्वती की उपासना (श्री पंचमी, वसंत पंचमी) करने की परंपरा है। 

पौराणिक कथाओं में वसंत को सौंदर्य व प्रेम के देवता - कामदेव का पुत्र बताया गया है। इनके प्रभाव से गोया इन दिनों प्रकृति व जन मानस उन्मादी हो जाते हैं। सदियों से वसंतोत्सव मनाये जाने के तथ्य मिलते रहे हैं। तब राज दरबार में, देवताओं के दरबार में, कृष्ण का गोपिओं संग प्रेम भरा रास हो हर तरफ उल्लास छाया रहता था। ("ऋतुओं में मैं वसंत हूँ" कृष्ण ने गीता में कहा) 

परिवर्तनशीलता प्रकृति का, जीवन का नियम है। 'जिस तरह कठोर शिशिर के बाद मनोहारी, प्यारा वसंत आ जाता है, उसी तरह कठोर दुःख के बाद सुख हर हाल आएगा यह तय होता है।' वसंत इसी संदेश को प्रस्तुत करता है।

ऋतुराज, बरसो झूम कर, इस धरा में तुम्हारा भरपूर स्वागत है। 

Friday, January 1, 2021

नव वर्ष - 2021 तुम्हारा स्वागत है


नव वर्ष तुम्हारा भव्य स्वागत है। यह वर्ष बहुत सी आशाओं, उमंगों दुआओं और प्रार्थनाओं के साथ शुरू हुआ है। संसार रफ़्तार पकड़ने लगा है। भयभीत चेहरे मुस्काने लगें हैं। पंछी खुले आकाश में चहक रहे हैं, फूल अपनी रंग -बिरंगी छटा लिए महकने लगें हैं। पहाड़ियों पर गिरती रुई के फाहों सी बर्फ से जहां में धवल रुमानियत बिखेरने लगी है। गुलाबी ठण्ड से कायनात चहकने लगी है। 

इस वर्ष सब तरफ मंगल हो, सभी पर समृद्धि और सुकून जी भर के बरसे...दुआ !! आमीन !!

Monday, December 28, 2020

अलविदा वर्ष 2020 / Time To Say Goodbye (Year -End Blog )


'ज़िंदगी के कई इम्तिहान अभी बाकी हैं / ज़िंदगी की कई उड़ान अभी बाकी हैं' 

वर्ष 2020 दुनिया भर को हैरान कर देने वाला वर्ष रहा है। क्षणिक सी मुस्कान, मायूसी, उदासी, अकेलेपन और अफ़सोस का वर्ष। सब तरफ वीराना, खामोशी और अशांति का आलम छाया रहा। सारा संसार कुछ पलों के लिए स्तब्ध रह कर थम गया। असहाय, बेबस और भयभीत आँखों से कोरोना जैसे अति सूक्ष्म विषाणु का तांडव देखता रहा। ऐसे हालात में बड़ा, छोटा, अमीर, गरीब सब एक सम पर आकर ठहर गए। रोग का आक्रमण सब तरफ बराबर रहा। किसी से कोई भेदभाव नहीं, न किसी जाति से, न किसी वर्ग से। कई इस कोरोना से संघर्ष करते हुए ज़िंदगी की जंग हार गए, कई विजयी भी हुए। जीवन एक संग्राम है।

यही वह समय भी रहा जब जीवन से रफ़्तार थम गई। फुर्सत भरे पल नसीब हुए। जंगल में भटकने के भरपूर अवसर मिले। नदियों के बहाव को, पहाड़ों के विराट रूप को और प्रकृति के सौंदर्य को जी भर कर सराहने की तमन्ना पूरी हुई। खामोश रह कर अपने आप से साक्षात्कार करना इस वर्ष की सबसे बड़ी उपलब्धि रही। 

बहुत से सन्देश देते हुए ये कोरोना का संक्रमण जल्द ही अलविदा कह देगा। तब सब तरफ अमन,शांति और सुकून बरसेगा इसी आशा के साथ अलविदा 2020...