Monday, November 28, 2011

दिल जो ये मेरा शोर करे


"सुन कल फ्री है क्या? मिलना है.....बहुत कुछ कहना है....ज़िंदगी से जुड़ा हुआ........कल कोंफी हॉउस में १२ बजे हम्म्म्म......लंच भी साथ ही कर लेंगे......"

बिना मेरे उत्तर की प्रतीक्षा करे दूसरी ओर से आते वे शब्द खामोश हो जाते हैं। मैं असमंजस में कुछ देर मोबाइल को देखती हूँ.......दर्द से भरी, हक और अपनापन लिए वो आवाज क्या यही से आई थी......

रात बहुत देर तक उसके जीवन के हर दुःख-सुख की हमसफ़र बनी मैं उसके बारे में सोचती रही। अलग-अलग परिस्थितियाँ कैसे हर व्यक्ति की दिनचर्या को बदल देतीं हैं। एक ही मौसम, माह और दिन में हर इंसान कितनी अलग-अलग ज़िंदगी जीता है। 

कभी-कभी मुझे अपनी सीधी, सपाट सड़क सी ज़िंदगी बड़ी बेरौनक लगने लगती है। वर्षों से जिसमें कोई बदलाव नहीं आया। शुक्र तारे सी चमकदार मगर सब कुछ जैसे अपनी जगह पर अटल, स्थिर.......

उस दिन सुबह आदत के अनुसार जल्दी उठ जाती हूँ। साढ़े ग्यारह बजे थे....कोंफी होम की कोने वाली टेबिल की तरफ बढ़ती हूँ.....वो वहाँ अपना खूबसूरत चेहरा और उस पर ढेरों चिंता, अवसाद और दुख लिए पहले से ही बैठी थी। 
".............." वो बिना बोले मुझे एकटक देखती है। और फिर झट से पास आकर मेरे गले से लग जाती है। मैं पीठ पर गीलापन और उस की घुटन साफ़ महसूस कर रही थी। ये हग मुझे दुनिया का सबसे प्यारा और दिव्य अहसास लगता है। जादुई तरीके से सारे दर्द और तकलीफें समाप्त हो जाती हैं, तभी के तभी.......

कुछ देर बाद वह अपने को सहज करती है और दुपट्टा संभालती फिर मुझसे बोली।  

"तू क्यों नहीं पूछती है मुझसे.... कभी कोई सवाल?"

"बेटी, बहिन, बहू, पत्नी, माँ पता नहीं मैं कुछ भी अच्छी कैसे नहीं बन पाई........"

"............"

"किसी के सवाल कभी थमते नहीं.....जवाब अब मुझसे बनते नहीं......कटघरे में खड़े-खड़े मैं थक चुकी हूँ। मैं वो मुजरिम हूँ जिसपर जुर्म कभी साबित नहीं हो पाया मगर सजा उम्रकैद की तय है। " देर तक न जाने क्या -क्या बोलती रही। अपने मन का गुबार निकालती रही। 

"............"

"चल बहुत देर हो गई है। सब राह देख रहे होंगे। दिल भी हल्का हो गया अब.....जाती हूँ........फिर मिलेंगे।" कहकर वह खुशी से मुस्कुराती है, मुझे फिर से गले लगाती और चली जाती है। 

अब मैं सोचती हूँ...पिछले दो घंटों में मैंने उससे गिनती के दस शब्द भी नहीं बोले। फिर उसका दिल हल्का कैसे हुआ .........? 



Wednesday, November 16, 2011

खुद को खुद ही में खो जाने दो


जब जीवन विचलित कर देने वाले पलों से गुज़रे तब
जंगलों में दूर तक चलते चले जाना 
वहाँ आनंदित होते हुवे भटक जाना या फिर खो जाना 
भटक जाने में सम्भावना है पलट कर वापस पाने की 
किसी के द्वारा खोज लिए जाने की
कशमकश में जीने से 
खो जाना बेहतर है 
अति आनंद में डूबकर 
कहीं भी कभी भी अपने आप में 
सबके बीच रहते हुवे भी बहुत दूर होना 
कल्पना की उड़ान लिए सागर पहाड़ आकाश में 
जहाँ रंगीन कर सकें जीवन के मटमैले सपनो को 
अपने आप को उस संसार में चले जाने दो 
खुद को पाने की चाह में खुद को खुद ही में खो जाने दो

Monday, November 7, 2011

कंडाली महोत्सव २०११

पहाड़ों में कहीं भी चले जाओ नैसर्गिक सोंदर्य व रोचक गतिविधियों के अलावा मन बहलाने  लिए बहुत कुछ मिल जाता है। इसी माह अक्टूबर में धारचूला, कैलाश में स्थित ( जिला पिथोरागढ़ ) स्वामी नारायण आश्रम में थी। सुबह वहाँ से विदा लेते समय आश्रम की ट्रस्टी एवं अवैतनिक व्यवस्थापिका द्रोपदी जी ने कहा- 

" जाते हुए रास्ते में पास ही रिमझिम गांव में चल रहे कंडाली महोत्सव को भी देखते जाइए, ये बारह वर्षों में एक बार आता है। अब आप लोग किस्मत से आ ही गए हैं तो जरूर देखें। बहुत आनंद आयेगा" 


अपनी जानकारियों और कैमरे के साथ तैयार होकर वहाँ कई आफिसर, पत्रकार एवं अन्य विभाग के  व्यक्ति भी आए हुए थे। 

इस महोत्सव की कई कहानियाँ हैं। एक यह कि यहाँ पर उगी हुई कंडाली घास में हर बारह साल बाद सुन्दर मगर जहरीला फूल आते हैं। किसी महिला के पुत्र ने गलती से उसे खा लिया था और दुर्भाग्य से वह मृत्यू को प्राप्त हो गया था। तभी से हर बारह साल में इसे नष्ट करने का और दुर्भाग्य को दूर भगाने का उत्सव मनाया जाता हैं। 

दूसरी कहानी यह है कि एक बार जब सभी पुरुष काम पर गए हुए थे, तब वहाँ दूसरे गांव के दुश्मन लोग आ गए, गावं की महिलाओं ने उन्हें बड़ी बहादुरी से बाहर खदेड़ दिया था। डर कर दुश्मन लोग कंडाली की झाड़ियों में छुप गए। तब काम से वापस आए पुरुषों और महिलाओं द्वारा इस झाड़ी को दुश्मन सहित नष्ट कर दिया गया। तब से शापित ये पौधा ग्रामवासियों के द्वारा नष्ट किया जाता है। और इसी खुशी में ये कंडाली महोत्सव मनाया जाता है। 



गांव से दूर व विदेशों में बसे हुए भी लगभग सभी लोग इसमें शामिल होते हैं। अन्यथा उन्हें भारी पेनल्टी देनी होती है। नौ दिन का ये उत्सव आस-पास के कुछ गांवों में अलग अलग दिन तय कर के मनाया जाता है। 



मैंने ये उत्सव रिमझिम गांव में देखा। मुझे वह एक सम्रद्ध गांव लगा था। वहां के लोग बहुत ही मिलनसार व आत्मीयता से सराबोर थे। उनका उम्दा आतिथ्य ग्रहण कर के साथ में लज़ीज़ भोजन का आनंद लिया। वैसे सोचा तो था कि वहाँ का कोई विशेष पहाड़ी व्यंजन होगा, मगर कुछ ऐसा था नहीं। पूछने पर ग्रामवासी बताते हैं कि - "यहाँ लगभग सभी मेहमान हैं, सभी बाहर से एक - दो दिन पहले ही आए हैं। सो व्यवस्था बहुत अच्छी नहीं हो पाती। "



रंगबिरंगी कनातों व चमकीली झंडियों से सजा व पहाड़ी गीतों से गूंजता हुआ सारा वातावरण उत्सव के रंग में रंगा हुआ था...मैं कोने पर लगी कुर्सी पर बैठ जाती हूँ और वहीं से सारा नज़ारा देख समझ रही थी। मेहमानों के आने का सिलसिला लगातार चल रहा था। कई लोग वर्षों बाद मिल रहे थे, बहुत ही आत्मीय और भावुक क्षणों का आदान प्रदान हो रहा था। 


करीब १२ बजे थे, अब तक बहुत से पुरुष एवं बालक अपने सफ़ेद चोगों में सज चुके थे और उन्हें पगड़ी पहनाने की रस्म चल रही थी। कुछ को सफ़ेद व गांव के दामादों को गुलाबी पगड़ी पहनाई जा रही थी। हाथों में ढाल व तलवार लिए अब वे दुश्मनों ( कंडाली घास ) से युद्ध के लिए तैयार थे। 



महिलाएं व लड़कियां अपने पारंपरिक परिधानों व जेवरों से सजी हुई बेहद सुन्दर लग रहीं थीं। उनके एक हाथ में पीला रेशमी रुमाल व दूसरे हाथ में लकड़ी से बना कोई तलवार नुमा वस्तु थी। ( कालीन बुनते समय उसे उपयोग में लाया जाता है )


कुछ देर में देवता की पूजा आरंभ हुई। सभी को तिलक दिया गया, आटे का हलुआ व लोकल घर पर बनी हुई सेव की मदिरा का प्रसाद वितरण हुआ। अब सभी नाचते गाते चलते हैं करीब २ किमी दूर तक उस कंडाली    वनस्पती के फूल को नष्ट करने के लिए।  



बच्चे, बुजुर्ग,महिलाएं, पुरुष सभी का उत्साह देखने योग्य था। वापस आकर उस शाम फिर वहाँ सजे मंच पर रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन होना था। 



उस शाम को मेरी मंजिल कहीं और थी। सो समयाभाव के कारण मैं आगे का प्रोग्राम नहीं देख सकी। 

                 

अलविदा कहते हुए उनसे ये तो नहीं कह सकी की इस महोत्सव में १२ वर्षों बाद दुबारा फिर मिलेंगे। बस इतना ही कहा कि उत्तराखंड में घूमते भटकते फिर कहीं ना कहीं मिल ही जायेंगे। 


Tuesday, November 1, 2011

तुझको चलना होगा


अपने में अथाह गहराई समेटे
निश्छल प्रेम सा उज्जवल
मधुर अहसासों से
जीवन को तरंगित करता समझाता

सब कुछ समेट लो अपने भीतर 
तब मौन उत्पन्न होगा जो तुम्हे ले चलेगा
उस जगह जहाँ भावनाएं निरंतर बहती रहेंगी
वहां केवल शोर का आभाव होगा

तब तुम आकर थाम लेना हाथ किसी का
फिर उत्पन्न होगा प्रेम और सौन्दर्य का विराट रूप
दिव्य दर्शन होंगे उस प्रियतम के
जो समां जाता है दिल की अतल गहराइयों में
सीप का मोती बनकर