Saturday, October 31, 2009

अपनी ही तलाश ! पॉङ्वखोली (Uttarakhand Part -2 )



दूसरे दिन सुबह हमने द्वाराहाट से दूनागिरि मंदिर की तरफ प्रस्थान किया। कहानी है की...जब लक्ष्मण मूर्छित हो गए थे और हनुमान जी उनके लिए संजीवनी बूटी लेकर वापस आ रहे थे, तब द्रोणॉचल पर्वत का एक हिस्सा यहाँ पर टूट कर गिर गया था। फिर बारहवी शताब्दी में कत्यूरी राजाओं ने यहाँ पर माँ भगवती की मूर्ति स्थापित कर दी।

यहाँ पर मनोकामना पूरी होने पर घंटी चढाने का रिवाज है और हजारों की संख्या में घंटिया देखकर उसके आगे हम नतमस्तक हो गए। दूनागिरि से लगभग १७ किलोमीटर दूर है पॉडवखोली। कहते हैं अपने अज्ञातवास के दौरान पांडवों ने यहाँ पर आखिरी का एक वर्ष व्यतीत किया था। 

जहाँ तक सड़क बनी हुई है उस स्थान का नाम कौरवछावनी था, जो कालांतर में बदल कर कुकुछीना हो गया। कथा है की कौरवों ने यहाँ तक पांडवों का पीछा किया था। यहाँ से ऊपर घने जंगलों में है पॉडवखोली। समुद्र तट से ८,८०० फीट की ऊंचाई पर स्थित साढे तीन किमी का पैदल ट्रैक। 


( हर सिंह शिकारी के साथ छोटा भाई Deepak Adhikari )

नीचे कुकुछीना पर 'हर सिंह शिकारी' से मुलाकात हुई। ९० वर्ष के चुस्त दुरुस्त श्री हर सिंह दूर के गाँव व गुफाएं दिखा कर बता रहे थे कि हमें क्या -क्या देखना है। मैं हैरान होकर उनकी आँखों को देख रही थी। वे उस उम्र में भी बिना चश्में के साफ़ देख पा रहे थे। उनकी छोटी छोटी मासूम सी आँखें जिन में अपार ख़ुशी व स्नेह भरा हुआ था। 

अपने कई निशान दिखा कर बड़ी सहजता से (जैसे खिलोनो से खेला हो) हँसते हुए बता रहे थे कि शिकार करते हुए बाघ ने उन पर कहां -कहां पर हमला किया था । उन्होंने लगभग १५० के करीब नरभक्षी बाघ मारे थे। सन् १९९० में आखिरी आदमखोर बाघ द्वाराहाट में मारा था। उत्तराखंड में बाघों का आतंक यदा-कदा बना ही रहता है जो मवेशियों के साथ साथ इंसानों पर भी हमला कर देते हैं। आगे बताते हैं -

" उस समय हम १० - २० रूपये में बाघ की खाल बेच देते थे। बाद में नियम बना कि सरकार के पास जमा करा दी जाय। थोडा गर्वित होकर फिर बोले -

"जब अन्य कोई खूंखार नरभक्षी बाघ को नहीं पकड़ पाता था तो 'डी एम् साहब' कहते थे -हर सिंह 'को बुलाओ। मेरे पास घर पर कुछ फोटो भी हैं (जो वहाँ से कुछ किमी की दूरी पर था) अगली बार जब आप लोग आएंगे तो दिखाऊंगा। "

जिस व्यक्ति ने एक बार शोहरत का जरा सा भी अंश यदि महसूस किया हो वह बाद के दिनों में गुमनाम होने पर थोड़ा मायूस हो जाता है। जब मैंने उनकी एक फोटो लेने की इजाज़त माँगी तो जोश, ख़ुशी और उत्साह से भर कर झट पट नेमप्लेट जो दुकान की दीवार पर टंगी हुई थी निकाल कर पोज देने लगे। अब हम पाँडवखोली की ओर चल पड़े। 

यहाँ पर प्राकृतिक सौन्दर्य चारों ओर बिखरा हुआ था। अति खूबसूरत मार्ग, जंगली वनस्पतियाँ, जड़ी बूटियाँ, फर्न, बाँज व बुरांश के घने वृक्ष। मार्च -अप्रैल में जब पेड़ों पर बुरांश के लाल फूल खिलते हैं तो ऐसा लगता है मानो बहार अपनी ही सुन्दरता पर रीझ उठी हो। झरे हुए फूलों पर चलना, रेड कारपेट पर चलने का सा आभास देता है।


करीब एक घंटे चलने के बाद स्वर्गपुरी पाँडवखोली द्वार दिखाई दिया। उसके अन्दर प्रवेश करते ही एक विशाल बुग्याल (meadow ) था। जिसके चारो ओर घना जंगल था और इस बीच के क्षेत्र में एक भी वृक्ष नहीं था।  सिर्फ सफ़ेद फूलों वाली मखमली हरी घास थी। इसे 'भीम की गुदड़ी' या 'भीम का गद्दा' कहा जाता है। करिश्मा कुदरत का। 



( भीम का गद्दा )

उसके आगे महंत श्री श्री १०८ बलवंत गिरी (नागा बाबा) जी का मंदिर परिसर है। उन्होंने वहाँ पर ३८ वर्ष तक तपस्या की थी। १3 दिसम्बर १९९४ मोक्षदा एकादशी को उन्होंने महाप्रयाण किया था। यहीं लाहिरी महाराज ने भी ७ दिन तपस्या की थी व पास में ही महाअवतार बाबा की गुफा भी है।

वहीं पर महन्त बलवंत गिरी जी की एक भव्य मूर्ति भी स्थापित है व उनका गुफानुमा धूनीस्थल आज भी वैसा ही है जैसा मैंने 8-9 वर्ष की अवस्था में देखा था। तब से अब तक वह धूनी भी लगातार जल रही है। 



वर्षों पहले तब पिताजी इन बड़ी सी जटाओं वाले बाबा जी को हमारे घर रानीखेत लेकर आ गए थे। शाम को पूजा के वक्त उन्होंने एक अलग ही तरह का वाद्य बजाया जो कुछ -कुछ सींग से अकार का। तब आस-पास के लोग उनके दर्शन के लिए एकत्रित होने लगे थे। यह सब देख कर वे शांति से गुफाओं में रहने वाले बाबा जी विचलित हो गए थे। उन्होंने पिताजी को कहा कि शहर उन्हें रास नहीं आ रहा है। इसलिए उन्हें वापस उनके जंगल में जाना है। इस पर मैंने तब उनसे एक सवाल किया था। 

"बाबा जी आप आराम से यहीं क्यों नहीं रहते। क्यों उस बिना लाइट -पानी वाले और बिना साधन वाली जगह पर वापस जाना चाहतें हैं....?" ( आज वहाँ पर बिजली की , खाने व रहने की पूरी व्यवस्था है। )

तब कम बोलने वाले, मृद भाषी बाबा जी तनिक मुस्कुराकर कुमाउनी भाषा में बोले। " देखना तू भी एक दिन इन तमाम साधन, सुविधाओं से ऊबकर एकांत ढूढती जंगल की ही तरफ जाना पसंद करेगी...."

तब मुझे उनकी बात समझ में तो नही आई थी। परन्तु जितनी समझ आई वह अच्छी नहीं लगी। तब मैं परीलोक के सपने जो सजाती थी।


अगले दिन उन्हें छोड़ने हम सभी पाँडवखोली आए थे। बीहड़ जंगल में बनी बाबाजी की एकमात्र कुटिया। जिसमें बीच में धूनी जल रही थी। पीने को मटमैला प्राकृतिक पानी था और प्रकाश के नाम पर दिवे की मध्यम रौशनी। उस दिन वहीं रहना था। साधनों की आदत के बावजूद भी वहां पर कोई कष्ट हुआ था बिलकुल याद नही पड़ता। महापुरुषों की भी अपनी ही शक्ति व उर्जा होती है शायद। 

बहुत वर्षों बाद फिर से वहाँ धूनी के आस-पास बैठकर आह्लादित होकर कुछ देर ध्यान लग गया था। फिर बाबाजी की कही हुई वर्षों पुरानी वह बात भी याद आ गई । वापस आने का बिलकुल भी मन नहीं था। 


आज सच्चाई यही है। कभी -कभी इन सुविधाओं व आडम्बर से भरपूर दुनिया से ऊब सी जाती हूँ और मन होता है दूर कही जाने को...... शांति व मौन तलाशती हुई बहुत ........ बहुत ..... दूर......


Thursday, October 22, 2009

बेचारा बचपन
















उस रोज़ .......
सड़क किनारे बने ढाबे पर
चुपचाप चाय का ज़ायक़ा समझ रही थी
अचानक नज़र पड़ी बचपन
बेचारे बचपन पर

उम्र शायद दस वर्ष
गंदे हाथ पैर, बिखरे बाल
दुबली काया पर फटी कमीज़
पैबंद लगी हाफ पैंट
चप्पल रहित पैर
मानो धरती के स्पर्श से आनंदित हों
कुछ गुनगुना रहा था
शायद मुस्कुरा भी रहा था

बहुत देर एकटक देखती रही सोचा
ये भी एक जीवन है
संघर्षमय !
कर्मण्ये वाधिकारस्ते को 
सार्थक करता हुआ
चाय समाप्त हो चुकी थी
मेरे इशारे पर वो कप लेने आया
सहानुभूतिवश मैंने एक नोट बढ़ाया
बचपन... वो बेचारा बचपन

दो आँसू उन आँखों से टपके
शायद ख़ुशी और उम्मीद के आँसू
दो आँसू इन आँखों से टपके
कुछ ना कर पाने का अफ़सोस
कुछ बेबसी के आंसू

तभी छोटू की आवाज़ का उद्‌घोष हुआ 
वो हड़बड़ाया, चौंका और पलटा
छोटा अस्पष्ट सा कुछ बोलकर चला गया

दूर से एक बार फिर पलट कर देखा
बचपन... उस बेचारे बचपन ने ....

Sunday, October 4, 2009

रंगरंगीला उत्तराखंड ! Part - 1

कल ही उत्तराखंड यात्रा से वापिस आई हूँ और सबकुछ अभी आँखों में बखूबी समाया हुआ हैं, इसलिए यूरोप अगली पोस्ट में लिखूंगी।

रानीखेत - बेहद खूबसूरत उपनगर है। यह मेरा जन्मस्थान भी है। इसलिए यहाँ आकर अतिरिक्त प्रेम उमड़ रहा था। यहाँ पर भरपूर हरियाली व भाँति -भाँति की वनस्पतियों व फूलों से महकते हुए सर्पिलाकार रास्ते, ठंडक का अहसास कराती हुई हिमालय की स्वच्छ हवा व चीड़ के पेड़ों की खुश्बू और हिमालय की पहाड़ियों की अद्भुत छटा बिखरी हुई है।

दोपहर ४ बजे यहाँ पर पहुँचते ही बिना देर किये बचपन को पुनः जीने के लिए, यादों को जीवंत करने के लिए मैं सड़कों पर निकल पड़ी। बहुत कुछ बदला- बदला सा लेकिन बहुत कुछ बिलकुल वैसा ही था। वही गलियां, सड़कें, रास्ते, दुकाने, लाइब्रेरी, स्कूल आदि। परन्तु सब कुछ थोड़ा संकरे से लगे। शायद अब आँखों को दिल्ली के विस्तार की आदत हो गई है।

रानीखेत मेरी जन्मस्थली में मुझे जीवन के शुरूआती कुछ वर्ष यहीं पर जीने का सौभाग्य प्राप्त हुआ था। 



दूसरे दिन सुबह अपना प्रारंभिक स्कूल 'कैनोसा कॉन्वेंट' देखने का लोभ नहीं छोड़ सकी। मैं नर्सरी से पांचवी तक यही सिस्टर्स के सानिध्य में रही। वही गेट, झूले, कक्षा, खेल के मैदान, बिल्डिंग..सब कुछ एकदम वैसा ही। साफ़ सुथरा, मनभावन ....सब कुछ देखकर प्रेम आँखों के रस्ते उमड़ पड़ा था..अति सुखद क्षण ...

गॉधी चौक से लेकर मालरोड तक कितना धमाल मचाते थे हम सभी मित्र । न जाने वे दिन क्यों खो जाते हैं। हम क्यों बड़े हो जाते हैं। इसी बीच बाजार में विचरते हुए दो मित्र भी मिले गए। फिर हमने चाय के साथ जी भर कर उन यादों को फिर जिया ।से


द्वाराहाट -अगले दिन हमने प्रस्थान किया द्वाराहाट के लिए। जहाँ पर कुमाउँ इंजीनियरिंग कोलेज, स्वामी योगदानंद का योगदा आश्रम, व प्राचीनतम ग्यारहवीं,बारहवीं शताब्दी के बने मंदिर अवशेष भी हैं।


इन्हें देखकर पता लग रहा था कि आक्रमणकारियों ने हमारी इन धरोहरों को कितनी निर्ममता से ध्वस्त किया था ।

द्वाराहाट अति हरा-भरा मानसिक शांति देता मनोरम स्थान है। गाँव व क़स्बे का मिला -जुला रूप अपनी एक अलग ही कहानी कह रहा था......

जहाँ सुंदर मंदिरों का समूह देख कर मन अति आनंदित था तो वहीं पर इस धरोहर की संभाल न हो पाने से मन टीसता भी है .....अफ़सोस इस बात का है कि उचित देख-रेख के आभाव में जल्द ही आने वाली पढी इन सब से वंचित हो जायेगी .......


यहीं पर प्राकृतिक मीठे पानी का श्रोत ( नोहोला ) भी दिखा। पानी से लबालब भरा हुआ..अन्यथा बाकी जगह अब ये श्रोत लगभग सूख चुके हैं ....

ग्रामवासियों का अति प्रेम व आदर सत्कार स्वीकारते और उन्हें धन्यवाद देते हम वापस आ गए ......


अगला पड़ाव था दूनागिरी माता का मंदिर  (द्वाराहाट से 15 किलोमीटर ) व पांडवों के अज्ञातवास के दौरान का स्थान पॉडवखोली  ( द्वाराहाट से 17 किलोमीटर ) ..........